बलिया : “पुराने विवाद में किशोर पर चाकू से हमला, हालत गंभीर — वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर”
बलिया।जनपद के सुखपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भरतपुरा में मंगलवार को पुराने विवाद को लेकर एक किशोर पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भरतपुरा निवासी संजीत यादव (16 वर्ष) पुत्र लल्लन यादव पर गांव के ही अंकुश यादव (17 वर्ष) पुत्र अनिल यादव एवं रजनीश यादव (19 वर्ष) पुत्र राजेश यादव ने करीब 1:30 बजे दिन में चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमला आपसी पुराने विवाद को लेकर किया गया।
हमले में संजीत यादव के पेट और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों द्वारा उसे तत्काल जिला चिकित्सालय बलिया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है।इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
