बलिया : बांसडीह तहसील में आज गरजेगी कांग्रेस, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन,जाति प्रमाण पत्र मुद्दे पर छात्र नेताओं का घेराव आज
बांसडीह (बलिया)। क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और तहसील स्तर पर कथित भ्रष्टाचार के विरोध में आज बांसडीह तहसील परिसर में राजनीतिक हलचल तेज रहने वाली है। कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेसी नेता पुनीत पाठक के नेतृत्व में किसानों और आम जनता की समस्याओं को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन करेंगे।
बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन में क्षेत्र के किसान, मजदूर और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे। प्रदर्शनकारियों द्वारा तहसील प्रशासन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर गोंड जाति के लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी न किए जाने के मुद्दे को लेकर भी आंदोलन तेज हो गया है। इसको लेकर छात्र राजनीति में सक्रिय और “भीष्म पितामह” कहे जाने वाले छात्र नेता नागेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में आज तहसील का घेराव किया जाएगा। छात्र नेताओं और स्थानीय लोगों का आरोप है कि पात्र होने के बावजूद गोंड जाति के लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जा रहा, जिससे छात्रों और युवाओं को शिक्षा व रोजगार में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दोनों ही आंदोलनों को देखते हुए तहसील परिसर में प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई है। संभावित भीड़ और प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन गंभीर है और स्थानीय तहसील में पुलिस बल की तैनाती भी की जा सकती है।
अब देखना यह होगा कि इन आंदोलनों के बाद प्रशासन किस तरह की कार्रवाई करता है और जनता की समस्याओं का समाधान कब तक होता है।

