बलिया : पुलिस को मिली 5 नई पीआरवी, एसपी ने दिखाई हरी झंडी
बलिया। आमजन की सुरक्षा और त्वरित सहायता को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से बुधवार को यूपी-112 सेवा के तहत जनपद को 5 नई पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) मिलीं। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस लाइन से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर संबंधित थानों के लिए रवाना किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन पीआरवी वाहनों को बांसडीह रोड, सुखपुरा, सहतवार, उभांव और नगरा थानों को आवंटित किया गया है। इससे इन क्षेत्रों में आपात स्थितियों पर पुलिस की प्रतिक्रिया और तेज व प्रभावी होने की उम्मीद है।
इस मौके पर एसपी ओमवीर सिंह ने निर्देश दिया कि किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और आमजन को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि “सेवा, सुरक्षा, संवेदना” के मूलमंत्र के साथ कार्य करते हुए जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाया जाए।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) व यूपी-112 के नोडल अधिकारी कृपाशंकर, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल, क्षेत्राधिकारी नगर/यूपी-112 उस्मान, प्रभारी निरीक्षक यूपी-112 तथा परिवहन शाखा के अधिकारी मौजूद रहे।
