बलिया : स्कूल चलो अभियान: बांसडीह में निकली रैली, नामांकन पर जोर
बांसडीह (बलिया)। नए शिक्षा सत्र के पहले दिन बुधवार को ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत बांसडीह में जागरूकता रैली निकाली गई। जूनियर हाईस्कूल मैदान से उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी व खंड शिक्षा अधिकारी अनूप त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चे हाथों में बैनर-तख्तियां लेकर कचहरी चौराहा, नगर पंचायत मार्ग, बड़ी बाजार, इलाहाबाद बैंक होते हुए अम्बेडकर तिराहा तक पहुंचे और फिर ब्लॉक मुख्यालय होते हुए विद्यालय परिसर में रैली का समापन हुआ। इस दौरान “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे” और “शिक्षा है सबका अधिकार” जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा।
रैली के बाद नामांकन कार्यक्रम आयोजित हुआ। उपजिलाधिकारी ने नवप्रवेशी बच्चों को किताबें व पेंसिल वितरित कीं। शिक्षकों ने बच्चों का टीका लगाकर व माला पहनाकर स्वागत किया।एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी ने कहा कि हर बच्चे को स्कूल से जोड़ना जरूरी है। अभिभावक बच्चों को नियमित विद्यालय भेजें, ताकि उनका भविष्य बेहतर बन सके। शत-प्रतिशत नामांकन लक्ष्य है।
कार्यक्रम में एहसानुल हक, घनश्याम चौबे, हरिराम सिंह, राजू कुमार सिंह, सुरेश वर्मा, ओंकारनाथ पाण्डेय, सुनंदा मिश्रा, अनीता श्रीवास्तव, बंदना गुप्ता, सुमित्रा यादव समेत शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

