बलिया : लखनऊ प्रदर्शन से पहले प्रधान संघ के नेता हाउस अरेस्ट, पुलिस पहरे में रहे पूरे दिन आवास में
जानकारी के अनुसार विभिन्न ब्लॉकों के प्रधान मंगलवार को ही लखनऊ रवाना होने की तैयारी में थे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में प्रधानों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने पहले से ही सख्ती बढ़ा दी। मंगलवार दिनभर दोनों प्रधान नेताओं के आवास पर पुलिस का पहरा लगा रहा तथा उन्हें बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
प्रधानों का कहना है कि पंचायत चुनाव होने तक वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए तथा पंचायत प्रतिनिधियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों का समाधान किया जाए। वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रधान संघ के पदाधिकारियों ने प्रशासनिक कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है।


