बलिया : भाजपा के पूर्व पिछड़ा मोर्चा मंडल अध्यक्ष पर नाबालिग किशोरी के अपहरण का आरोप - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : भाजपा के पूर्व पिछड़ा मोर्चा मंडल अध्यक्ष पर नाबालिग किशोरी के अपहरण का आरोप

     


    मनियर (बलिया)। मनियर थाना क्षेत्र में भाजपा के पूर्व पिछड़ा मोर्चा मंडल अध्यक्ष पर नाबालिग किशोरी के अपहरण का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित पिता ने मनियर थाने में तहरीर देकर आरोपी राजकमल वर्मा उर्फ “मंत्री” निवासी पिंडारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

    पीड़ित के अनुसार उसकी नाबालिग बेटी 19 मई मंगलवार की सुबह अचानक घर से गायब हो गई। परिवार वालों ने आरोप लगाया कि राजकमल वर्मा अपने कुछ साथियों के साथ किशोरी को बहला-फुसलाकर उठा ले गया।

    पीड़ित ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी उसकी नाबालिग बेटी का बहला-फुसलाकर यौन शोषण करने के आरोप में मनियर थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। हालांकि पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी और आरोपी ने अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल कर दी। पीड़ित पिता का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी और उसके परिवार के सदस्य लगातार दबाव बना रहे थे कि मामला वापस ले लिया जाए। विरोध करने पर बेटी को उठाने और परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि वह लगातार शिकायत लेकर मनियर थाने का चक्कर लगाता रहा, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया। पिता के अनुसार 19 मई की सुबह करीब तीन बजे आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ उसकी बेटी को उठा ले गया। पीड़ित ने आशंका जताई है कि यदि उसकी बेटी को जल्द बरामद नहीं किया गया तो उसकी जान को खतरा हो सकता है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। 

    इस मामले में मनियर थानाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर कमला वर्मा, संजय वर्मा, नीलकमल वर्मा, रीता देवी, प्रमोद चौहान, रीता देवी के पुत्र सहित चार-पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी और अन्य नामजद लोगों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।