बलिया: घर में अकेली युवती से छेड़खानी, विरोध पर दांतों से काटकर किया घायल
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के एक कस्बे में घर में अकेली युवती के साथ दो सगे भाइयों द्वारा मारपीट और छेड़खानी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों युवक जबरन घर में घुस गए और युवती के साथ अश्लील हरकतें करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती को जमीन पर पटककर बेरहमी से पीटा और दांतों से काटकर घायल कर दिया। शोर सुनकर पहुंचे भाई को देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, 20 मई की शाम करीब 6:30 बजे उसके माता-पिता और बड़ा भाई किसी पारिवारिक कार्य से बाहर गए थे। घर में केवल वह और उसकी छोटी बहन मौजूद थीं। इसी दौरान पड़ोस के रहने वाले दो सगे भाई जबरन घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों आरोपी उग्र हो गए और युवती को जमीन पर पटककर मारने-पीटने लगे। बीच-बचाव करने पहुंची छोटी बहन को भी धक्का देकर गिरा दिया गया।
आरोप है कि इसके बाद दोनों युवक दुराचार की नीयत से युवती के साथ छेड़खानी करने लगे। पीड़िता द्वारा शोर मचाने पर आरोपी और बौखला गए तथा उसके हाथ और गर्दन पर दांतों से काट लिया, जिससे वह लहूलुहान हो गई। इसी बीच बाजार से लौटे भाई को आता देख दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
