बलिया : बांसडीह में सड़क पर पड़ा 11 हजार वोल्ट का तार बना मौत का खतरा, ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह में सड़क पर पड़ा 11 हजार वोल्ट का तार बना मौत का खतरा, ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

     


    बांसडीह (बलिया): बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के शाहपुरवा गांव में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत के बाद पूरे क्षेत्र में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विभाग समय रहते टूटे हुए हाई वोल्टेज तार को हटाकर आवश्यक कार्रवाई करता, तो दो अनमोल जिंदगियां बच सकती थीं।

    इसी बीच बांसडीह नगर क्षेत्र से भी विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, स्टेट बैंक बांसडीह से वार्ड नंबर-15 जाने वाले मार्ग पर 11 हजार वोल्ट (11 केवी) की हाईटेंशन लाइन का तार वर्षों से सड़क के किनारे/सड़क पर पड़ा हुआ है। इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

    ग्रामीणों का आरोप है कि बारिश के दिनों में इस तार में करंट आने की शिकायत भी कई बार सामने आ चुकी है। इसके बावजूद विभाग ने इसे हटाने या सुरक्षित करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

    स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूल जाने वाले हजारों बच्चे और वार्ड नंबर-15 के निवासी आवागमन करते हैं। सड़क पर पड़ा यह हाईटेंशन तार हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका पैदा करता है। कई बार वाहनों के गुजरने के दौरान भी तार उनमें उलझ जाता है, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।आरोप है कि  क्षेत्रीय लाइनमैन को भी सड़क पर पड़े तार के बारे में जानकारी है लेकिन सभी मूक दर्शक बने हुए है।

    क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेते हुए सड़क पर पड़े हाईटेंशन तार को हटाने तथा पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि शाहपुरवा जैसी दर्दनाक घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विभाग को तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि आमजन, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।