बलिया: पिता-पुत्र की मौत मामले में विद्युत विभाग के दो कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज
बांसडीह (बलिया): बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के शहपुरवा गांव में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत के मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर विद्युत विभाग के दो कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
मृतक जनार्दन यादव की पुत्री सीमा यादव की तहरीर के अनुसार, 23 जुलाई की सुबह करीब 5:45 बजे जनार्दन यादव और उनके पुत्र राजेश यादव खेत पर कृषि कार्य के लिए गए थे। खेत में पहले से 11 हजार वोल्ट का टूटा हुआ बिजली का तार पड़ा था, जिसकी चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने टकरसन विद्युत उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारियों को कई बार फोन कर बिजली आपूर्ति बंद करने की सूचना दी, लेकिन समय पर लाइन नहीं काटी गई। आरोप है कि एक कर्मचारी ने कथित रूप से कहा कि "पहले वीडियो कॉल पर दिखाइए, तब बिजली काटेंगे।"
परिजनों ने इस लापरवाही के लिए ड्यूटी पर तैनात एसएसओ मुकुल उपाध्याय और जेई आनंद जायसवाल को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों नामजद विद्युत कर्मियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में विद्युत विभाग के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश बना हुआ है। ग्रामीणों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
