बलिया: उंदहा गांव में पूर्व प्रधान की धारदार हथियार से हत्या, खेत की झोपड़ी में मिला शव, इलाके में सनसनी
बलिया। सहतवार थाना क्षेत्र के उंदहा गांव में गुरुवार देर रात पूर्व प्रधान ब्यास वर्मा (65) की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। खेत में बनी झोपड़ी में सो रहे पूर्व प्रधान के सिर पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
परिजनों के अनुसार, ब्यास वर्मा रात में घर पर भोजन करने के बाद रोज की तरह घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत की झोपड़ी में सोने चले गए थे। देर रात अज्ञात बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सुबह जब ग्रामीण झोपड़ी की ओर पहुंचे तो उनका शव खून से लथपथ पड़ा मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सहतवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए तथा हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना पर सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्र भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह, पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान, सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू, चेयरमैन प्रतिनिधि रेवती अजय शंकर कनक पांडेय, विनय शंकर तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि पहुंचे। सभी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है। संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।
