बलिया में दर्दनाक हादसा: 11 हजार वोल्ट की चपेट में आए बेटे को बचाने दौड़े पिता, दोनों की मौत
बांसडीह रोड,(बलिया): बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के शहपुरवा गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे में पिता और इकलौते पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई। खेत में टूटा पड़ा 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार इस हादसे का कारण बना। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
जानकारी के अनुसार, शहपुरवा निवासी जनार्दन यादव (58) अपने इकलौते पुत्र राजेश यादव (28) के साथ खेत पर गए थे। खेत में पहले से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार टूटा पड़ा था। इसी दौरान राजेश यादव उसकी चपेट में आ गए। बेटे को तड़पता देख पिता जनार्दन यादव ने बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसडीह ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक राजेश यादव हाल ही में पुलिस उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा पास कर चुके थे, जिससे परिवार और गांव में खुशी का माहौल था, लेकिन यह हादसा पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ बनकर टूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाकर पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। उन्होंने विद्युत विभाग की लापरवाही की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर तहसीलदार नितिन कुमार सिंह, बांसडीह रोड थाना पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते टूटे हुए हाईटेंशन तार को हटाया गया होता, तो दो अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती थीं। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।


