बलिया : बांसडीह को मिले नए एसडीएम, 2024 बैच के पीसीएस पुष्कर मिश्रा ने संभाला कार्यभार - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह को मिले नए एसडीएम, 2024 बैच के पीसीएस पुष्कर मिश्रा ने संभाला कार्यभार


    बांसडीह (बलिया): करीब एक सप्ताह से उपजिलाधिकारी विहीन चल रही बांसडीह तहसील को नया प्रशासनिक मुखिया मिल गया है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के आदेश पर 2024 बैच के पीसीएस अधिकारी पुष्कर मिश्रा को बांसडीह का नया उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नियुक्त किया गया। बुधवार को उन्होंने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया।

    तहसील पहुंचने पर तहसीलदार नितिन कुमार सिंह सहित राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें तहसील की प्रशासनिक व्यवस्था, लंबित राजस्व मामलों और क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों से अवगत कराया गया।

    पुष्कर मिश्रा की पहली तैनाती बलिया जनपद में एसडीएम न्यायिक, सिकंदरपुर के रूप में हुई थी। अब उन्हें बांसडीह जैसी महत्वपूर्ण तहसील की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां सरयू नदी का कटान, संभावित बाढ़, राजस्व विवाद और जनसमस्याएं प्रशासन के सामने बड़ी चुनौतियां हैं।

    कार्यभार संभालने के बाद नवागत एसडीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित राजस्व प्रकरणों, जनशिकायतों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन देना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

    उल्लेखनीय है कि पिछले एक सप्ताह से एसडीएम का पद रिक्त होने के कारण तहसील के कई प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे। ऐसे में नए एसडीएम की तैनाती से प्रशासनिक व्यवस्था को गति मिलने के साथ-साथ कटान और बाढ़ जैसी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने की उम्मीद भी बढ़ गई है।