बलिया: पूर्व प्रधान हत्याकांड का 24 घंटे के अंदर हुआ खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; ईंट से कुचलकर की थी हत्या
बलिया। सहतवार थाना क्षेत्र के उदहा गांव में पूर्व प्रधान व्यास वर्मा की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी ईंट और खून लगे कपड़े बरामद किए हैं। इस ब्लाइंड मर्डर के त्वरित अनावरण पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने संयुक्त पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई की रात करीब 10 बजे ग्राम उदहा निवासी पूर्व प्रधान व्यास वर्मा (61) की ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद सहतवार थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर स्थानीय पुलिस और स्वाट टीम को जांच में लगाया गया।
पुरानी रंजिश और जमीन विवाद बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि आरोपी शिवम वर्मा अपने पिता स्व. राम उदार वर्मा के साथ हुए पुराने विवाद को लेकर व्यास वर्मा से रंजिश रखता था। वहीं दूसरे आरोपी गोपाल वर्मा का मृतक से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने पहले साथ बैठकर शराब पी और फिर योजनाबद्ध तरीके से ईंट से हमला कर व्यास वर्मा की हत्या कर दी।
दो आरोपी गिरफ्तार, आलाकत्ल बरामद
संयुक्त पुलिस टीम ने शुक्रवार दोपहर शिवम वर्मा (20) को त्रिकालपुर-अतरडरिया तिराहे से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगी ईंट, टी-शर्ट, हाफ पैंट और बनियान बरामद की गई। इसके बाद दूसरे आरोपी गोपाल वर्मा (40) को उदहा-त्रिकालपुर मार्ग से गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ सहतवार थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 164/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेजा जा रहा है।
एसपी ने पुलिस टीम को किया पुरस्कृत
ब्लाइंड मर्डर का शीघ्र खुलासा करने पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सहतवार थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त टीम को 25,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस टीम का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के निर्देशन में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार चौधरी और स्वाट प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव ने किया।
