बलिया : बांसडीह में दिव्यांग विधवा महिला को मिला अंत्योदय कार्ड, एआरओ की पहल से खाद्यान्न की चिंता हुई दूर - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह में दिव्यांग विधवा महिला को मिला अंत्योदय कार्ड, एआरओ की पहल से खाद्यान्न की चिंता हुई दूर

     


    बांसडीह (बलिया)। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने की दिशा में बांसडीह तहसील प्रशासन की सराहनीय पहल सामने आई है। तहसील क्षेत्र के मुड़ियारी गांव निवासी दिव्यांग एवं विधवा पुष्पा देवी, पत्नी स्वर्गीय केशव यादव, को सहायक आपूर्ति अधिकारी (ARO) राजेश मिश्रा की पहल पर अंत्योदय राशन कार्ड जारी किया गया।

    पुष्पा देवी शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं। उनका एक हाथ आधा कटा हुआ है। पति के निधन के बाद वह मजदूरी कर किसी तरह अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं। आर्थिक तंगी के बीच परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। महिला की स्थिति की जानकारी मिलने पर एआरओ राजेश मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अंत्योदय राशन कार्ड जारी कराया। कार्ड मिलने के बाद अब उन्हें सरकार की योजना के तहत मुफ्त नियमित खाद्यान्न उपलब्ध हो सकेगा, जिससे उनके परिवार को बड़ी राहत मिलेगी।

    इस संबंध में एआरओ राजेश मिश्रा ने बताया कि शासन की मंशा है कि अति निर्धन, असहाय, दिव्यांग, विधवा एवं पात्र परिवारों को किसी भी हाल में योजनाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने क्षेत्र के पात्र लोगों से अपील की कि यदि कोई जरूरतमंद व्यक्ति अभी तक अंत्योदय योजना से नहीं जुड़ पाया है तो वह आवश्यक दस्तावेजों के साथ संपर्क करे, ताकि उसे भी योजना का लाभ दिलाया जा सके। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचना ही प्रशासन की वास्तविक संवेदनशीलता का परिचायक है।