बलिया : बांसडीह कोतवाली के शिवरामपुर चट्टी पर कुल्हाड़ी से खूनी संघर्ष, काशीनाथ बिंद समेत पांच पर केस दर्ज - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह कोतवाली के शिवरामपुर चट्टी पर कुल्हाड़ी से खूनी संघर्ष, काशीनाथ बिंद समेत पांच पर केस दर्ज

     



    बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर चट्टी पर शुक्रवार शाम हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में पिंडहरा निवासी ओमप्रकाश यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस ने काशीनाथ बिंद सहित चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    घायल की दादी शनिचरी देवी की तहरीर के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे ओमप्रकाश यादव मछली खरीदने शिवरामपुर चट्टी गया था। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए बैठे काशीनाथ बिंद पुत्र रामनाथ निवासी राजपुर तथा चार अज्ञात लोगों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर, चेहरे और पैर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा।

    परिजन घायल को पहले सीएचसी बांसडीह ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है

    तहरीर में आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

    पुलिस ने शनिचरी देवी की तहरीर के आधार पर काशीनाथ बिंद समेत चार अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 352, 351(3) एवं 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


    बताया जा रहा है कि घटना के संबंध में दूसरे पक्ष का भी अपना दावा है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है।