बलिया : मिठाई बनाने के बहाने बुलाया, फिर सरेराह चाकुओं से गोद डाला - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : मिठाई बनाने के बहाने बुलाया, फिर सरेराह चाकुओं से गोद डाला

     


    • बाइक सवार तीन युवकों ने रसोइये को घेरकर किया जानलेवा हमला, 
    • पीठ-पैर पर ताबड़तोड़ वार; मोबाइल भी ले गए


    बांसडीह (बलिया)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सेरिया-बघाव मोड़ पर रविवार की दोपहर दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मिठाई बनाने के बहाने बुलाए गए एक रसोइये पर बाइक सवार तीन युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। बाइक से उतरे दो युवकों ने रसोइये को घेरकर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिरने के बाद भी हमलावर उस पर चाकू से वार करते रहे। सहयोगी के शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। आरोप है कि जाते समय घायल का मोबाइल भी साथ ले गए।


    घायल की पहचान बांसडीह कस्बे के वार्ड नंबर पांच निवासी मुन्ना प्रसाद माली के रूप में हुई है। मुन्ना रसोई का काम और मिठाई बनाता है। गंभीर हालत में उसे सीएचसी बांसडीह ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।


    बताया जाता है कि शुक्रवार शाम तीन युवक मुन्ना के घर पहुंचे थे। उन्होंने रविवार को मिठाई बनाने का काम 1500 रुपये में तय किया था और 100 रुपये एडवांस दिए थे। युवकों ने उसे रविवार दोपहर सेरिया आने को कहा, लेकिन मिठाई बनाने के लिए पूरा पता बताने के बजाय एक मोबाइल नंबर दे दिया और कहा कि सेरिया पहुंचकर फोन कर लेना।

    रविवार करीब 1:30 बजे मुन्ना अपने सहयोगी सत्येंद्र तुरहा के साथ साइकिल से सेरिया-बघाव मोड़ पहुंचा। वहां पहुंचकर मुन्ना ने दिए गए नंबर पर फोन किया और बताया कि वह मोड़ के पास पहुंच गया है, अब मिठाई बनाने के लिए कहां आना है। आरोप है कि फोन पर दूसरी तरफ से कहा गया कि वहीं रुकिए, हम लोग 10 मिनट में पहुंच रहे हैं। कुछ ही देर बाद एक बाइक पर तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि बाइक से दो युवक उतरे और बिना किसी बातचीत के मुन्ना पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मुन्ना संभल नहीं सका और सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों हमलावरों ने उसकी पीठ और पैर पर पीछे से लगातार चाकू से वार किए। घायल मुन्ना के सड़क पर गिरने के बाद भी हमलावर उस पर चाकू से हमला करते रहे।

    इस दौरान पीछे आ रहे मुन्ना के सहयोगी सत्येंद्र तुरहा ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े। लोगों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए। आरोप है कि भागते समय हमलावर मुन्ना का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मुन्ना को ई-रिक्शा से सीएचसी बांसडीह पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मामले में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजय पाल ने बताया कि मामले की जांच और हमलवारों के पकड़ने के लिए टीम लगा दी गई है जल्द ही मामले का खुलसा हो जाएगा।

    मिठाई बनाने के बहाने बुलाने के पीछे क्या थी साजिश?

    दिनदहाड़े हुई इस वारदात में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या रसोइये को मिठाई बनाने के बहाने पहले से तय योजना के तहत घटनास्थल पर बुलाया गया था? आखिर तीन युवकों ने बिना किसी बातचीत के उस पर चाकू से हमला क्यों किया और घायल का मोबाइल लेकर क्यों फरार हुए?

    घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ ही घटना के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में लगी है। दिनदहाड़े सड़क पर हुई इस वारदात ने बांसडीह क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।