बलिया : नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष करन रावत का भव्य स्वागत, समाज के सर्वांगीण विकास पर हुआ मंथन
बांसडीह (बलिया)। रावत समाज विकास मंच भारत के क्षेत्रीय कार्यालय पर रविवार को नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष करन रावत के भव्य स्वागत समारोह के साथ बलिया जिला समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष का स्वागत करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद रावत ने समाज की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज बहादुर रावत के नेतृत्व में संगठन समाज के सर्वांगीण विकास, हर घर तक शिक्षा पहुंचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर निरंतर कार्य कर रहा है। समाज के लोगों को संगठित होकर शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और अधिकारों के लिए आगे आने की जरूरत है।स्वागत समारोह के दौरान नवनियुक्त जिलाध्यक्ष करन रावत और नगर अध्यक्ष लखन रावत ने संगठन के पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। दोनों ने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए समाज के उत्थान और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम में सिवान के जिलाध्यक्ष बंशी रावत, लखन रावत, करन, राजू, रितेश, किशन, विजय, धन्नू, अनिकेत सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं समाज के लोग मौजूद रहे। बैठक के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने तथा समाजहित में आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी चर्चा की गई।
