बलिया ::क्लीनिक में महिला की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या, भतीजा गिरफ्तार
गड़वार मोड़ पर वारदात से सनसनी, विवाद के बाद रॉड से हमला करने की बात कबूली
बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के गड़वार मोड़ पर मंगलवार की रात एक निजी क्लीनिक में महिला की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान कंचन देवी (35) पत्नी सियाराम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतका के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब नौ बजे सियाराम ने नगरा थाना प्रभारी को सूचना दी कि उनकी पत्नी गड़वार चौराहे पर स्थित एक क्लीनिक पर बैठती थीं, जहां उनकी हत्या कर दी गई है। उन्होंने अपने भतीजे पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। अधिकारियों ने डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में विवाद के बाद हमला करने की बात
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मृतका की कुछ गतिविधियों और क्रियाकलापों से असंतुष्ट था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान क्लीनिक में रखी लोहे की रॉड से उसने कंचन देवी पर हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही पुलिस हत्या के पीछे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
