श्रावण में बलिया शहर में बदलेगा यातायात का रूट, भारी वाहनों की एंट्री पर रोक - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    श्रावण में बलिया शहर में बदलेगा यातायात का रूट, भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

     

    • हर सोमवार रात 1 बजे से रात 9 बजे तक लागू रहेगा नो-एंट्री, 
    • श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान

    बलिया। श्रावण मास में बालेश्वर मंदिर, भृगु ऋषि मंदिर समेत शहर के प्रमुख शिवालयों में कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। श्रद्धालुओं की भीड़ और सुगम आवागमन को देखते हुए हर सोमवार को रात 1 बजे से रात 9 बजे तक बलिया शहर की ओर आने वाले सभी भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

    पुलिस प्रशासन ने नो-एंट्री और डायवर्जन के लिए कई स्थानों को चिन्हित किया है। संबंधित थानों की पुलिस को बैरियर लगाकर यातायात व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

    इन रास्तों से होगा भारी वाहनों का डायवर्जन

    1. दुबहड़: बैरिया की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को थाना दुबहड़ के पास रोका जाएगा। नरही और फेफना की ओर जाने वाले वाहन चिरैया मोड़ से सहतवार-बांसडीह-सुखपुरा होते हुए गड़वार (त्रिकालपुर तिराहा) से फेफना और नरही जाएंगे।

    2. शंकरपुर तिराहा, बांसडीह रोड: रेवती, सहतवार और बांसडीह की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बांसडीह रोड थाने के पास रोका जाएगा। नरही, रसड़ा और फेफना की ओर जाने वाले वाहन सुखपुरा-गड़वार (त्रिकालपुर तिराहा) होते हुए आगे जाएंगे।

    3. हनुमानगंज: सिकंदरपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को हनुमानगंज चौकी के पास रोका जाएगा। दुबहड़, हल्दी और बैरिया जाने वाले वाहन सुखपुरा-बांसडीह-सहतवार होकर जाएंगे। नरही और फेफना जाने वाले वाहन सुखपुरा-गड़वार (त्रिकालपुर तिराहा) होते हुए आगे जाएंगे।

    4. फेफना तिराहा: रसड़ा और नरही की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को फेफना तिराहा पर रोका जाएगा। बैरिया की ओर जाने वाले वाहन गड़वार (त्रिकालपुर तिराहा)-सुखपुरा-बांसडीह-सहतवार होकर जाएंगे।

    5. अगरसंडा: गड़वार की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को अगरसंडा के पास रोका जाएगा। हल्दी और बैरिया की ओर जाने वाले वाहन गड़वार (त्रिकालपुर तिराहा)-सुखपुरा-बांसडीह-सहतवार होते हुए जाएंगे।

    बालेश्वर मंदिर की तरफ इन वाहनों की नो-एंट्री

    श्रावण मास के दौरान शहर में तीन और चार पहिया वाहनों के लिए भी कई स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे।

    • मालगोदाम तिराहा: तीन और चार पहिया वाहनों को रोक दिया जाएगा। कोई भी वाहन बालेश्वर मंदिर की ओर नहीं जाएगा।
    • एलआईसी तिराहा: दो, तीन और चार पहिया वाहनों को रोका जाएगा। बालेश्वर मंदिर की ओर किसी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।
    • महावीर घाट: तीन और चार पहिया वाहनों को बैरियर लगाकर रोका जाएगा।
    • शहीद पार्क, नई चौक: तीन और चार पहिया वाहनों को रोककर बालेश्वर मंदिर की ओर जाने से प्रतिबंधित किया जाएगा।

    श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्था

    पुलिस के अनुसार श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और भीड़ के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए यह व्यवस्था लागू की जा रही है।

    पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सोमवार को बलिया शहर की ओर आने से पहले निर्धारित डायवर्जन मार्ग की जानकारी ले लें और बैरियर प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।