बलिया : खड़ी ट्रक में पीछे से भिड़ी बाइक, रेलकर्मी की मौत - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : खड़ी ट्रक में पीछे से भिड़ी बाइक, रेलकर्मी की मौत

     



    • बभनौली पेट्रोल पंप के पास देर रात हुआ हादसा, वाराणसी ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

    बांसडीह (बलिया)। बलिया-बांसडीह मार्ग पर शनिवार देर रात बभनौली पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रक में बाइक के पीछे से टकरा जाने से गंभीर रूप से घायल रेलकर्मी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।


    जानकारी के अनुसार बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के बड़सरी गांव निवासी राजनारायण शनिवार देर रात बाइक से बलिया से अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उस समय हल्की बूंदाबांदी भी हो रही थी। जैसे ही वह बभनौली पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से जा भिड़ी।

    टक्कर इतनी जोरदार थी कि राज नारायण गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को भी दी।

    जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर वाराणसी जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही राज नारायण ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर वापस लौट आए। हादसे की खबर मिलते ही बड़सरी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।