बलिया : बांसडीह में दूसरी बार टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ जताया विरोध
बांसडीह, बलिया। वार्ड नंबर 14 निवासी धनजी वर्मा रविवार को दूसरी बार पुलिस की कथित लापरवाही के विरोध में नगर पंचायत कार्यालय के सामने स्थित टावर पर चढ़ गया। करीब नौ घंटे तक वह टावर पर ही डटा रहा। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों का मौके पर जमावड़ा लगा रहा और उसे समझाने-बुझाने का प्रयास चलता रहा।
धनजी वर्मा ने टावर से ही स्थानीय प्रशासन के सामने अपनी प्रमुख मांगें रखीं। इनमें रोजमर्रा के भोजन-पानी की व्यवस्था, जिस युवती से उसका विवाह हुआ था उससे कानूनी रूप से संबंध विच्छेद, पूर्व में उसके साथ हुई मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई, उसकी गैरमौजूदगी में निवास स्थान से हुई चोरी के मामले में दर्ज मुकदमे में प्रभावी कार्रवाई तथा पुलिस द्वारा उच्चाधिकारियों को भेजी गई कथित गलत रिपोर्ट की दोबारा जांच कर सही रिपोर्ट प्रेषित करने की मांग शामिल है।इसके अलावा धनजी ने अपनी अंतिम मांग के रूप में परिजनों से व्यापार आदि करने के लिए 10 लाख रुपये दिलाए जाने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी।
धनजी के टावर पर चढ़ने की सूचना के बाद पूरे दिन मौके पर प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। अधिकारी लगातार उसे समझाने और नीचे उतारने के प्रयास में जुटे रहे। करीब नौ घंटे तक चले इस घटनाक्रम के कारण नगर पंचायत कार्यालय के आसपास लोगों की भीड़ भी जुटी रही।
गौरतलब है कि धनजी इससे पहले भी अपनी मांगों को लेकर टावर पर चढ़ चुका है। ऐसे में बार-बार इस तरह टावर पर चढ़कर मांगें मनवाने की कोशिश अब गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। प्रशासन के सामने चुनौती है कि एक ओर युवक की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, वहीं दूसरी ओर भविष्य में इस तरह के कदमों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उचित कार्रवाई और शिकायतों का विधिसम्मत समाधान किया जाए।
दोनों पक्षों के बीच हुआ है सुलह समझौता
इस मामले में पुलिस प्रशासन की तरफ से कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बीते 15 अगस्त को टॉवर पर चढ़ें युवक को उसके माता पिता के साथ शांति पूर्ण तरीके से समझौता कर दिया गया था।उसको खाने पीने के बर्तन,गैस सिलेंडर सहित रोजमर्रा की वस्तुएं प्रदान करवा दी गई थीं। उसके बाद अब बार बार टॉवर पर चढ़ कर अपनी बाते मनवाना कही से जायज नहीं हैं, फिर भी एहतियात और युवक के सुरक्षित टावर से उतारने के लिए जनसहयोग के साथ लगे हुए हैं।
