बलिया बलिदान दिवस पर यूनिक परिवार ने शहीदों को किया नमन
- छात्र-छात्राओं ने निकाली रैली व मानव श्रृंखला, शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित
बांसडीह, बलिया। बलिया बलिदान दिवस के अवसर पर यूनिक मांटेसरी जूनियर हाईस्कूल, बांसडीह के छात्र-छात्राओं ने रैली एवं मानव श्रृंखला निकालकर बलिया के वीर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। रैली की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद छात्र-छात्राएं जिले के प्रथम शहीद एवं पत्रकार रामदहिन ओझा के स्मारक पर पहुंचे और उन्हें नमन किया। रैली ब्लॉक परिसर स्थित सेनानी स्थल पहुंची, जहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई।
इसके बाद बड़ी बाजार स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत बांसडीह के सप्तर्षि मंडल के शहीदों एवं उनके परिजनों—स्व. रामदहिन ओझा, स्व. रामलक्षण पांडेय, सच्चिदानंद सिंह, रामेश्वर मिश्रा, स्व. करिया सिंह आदि के परिजनों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बागी बलिया के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अदम्य साहस और बलिदान को याद करते हुए नई पीढ़ी को उनके संघर्ष से परिचित कराना है। बलिया बलिदान दिवस इस बात का प्रतीक है कि देश की आजादी की लड़ाई में बलिया और यहां के वीर सपूतों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। रैली में विद्यालय के प्रधानाचार्य पवन कुमार तिवारी, शिक्षक अजीत सिंह, खैरूद्दीन अंसारी, शारदानंद मिश्रा, दिनेश कन्नौजिया, प्रदीप सिंह, अमित वर्मा, सुशांत सिंह, संजय यादव, अल्का, अनामिका, आंचल, प्रिया गुप्ता सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। रैली का नेतृत्व पैनल कमेटी के सदस्य अनिल कुमार गुप्ता ने किया।


