बलिया : स्वर्णकार की दुकान में ताला तोड़कर लाखों के गहने व नगदी चोरी
अलमारी खेत में फेंकी, बढ़ती चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश; स्वर्णकार संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी
बांसडीह (बलिया)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रीय लोगों और व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला डूहीं मूसी चट्टी का है, जहां चोरों ने एक स्वर्णकार की दुकान को निशाना बनाते हुए दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण, नगदी और जरूरी कागजात पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई।
जानकारी के अनुसार बांसडीह बड़ी बाजार निवासी पंकज सोनी पुत्र गुड्डू सोनी की डूहीं मूसी चट्टी पर स्वर्ण आभूषण की दुकान है। रविवार सुबह किसी व्यक्ति ने उन्हें सूचना दी कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही पंकज सोनी मौके पर पहुंचे तो दुकान का शटर खुला था और ताले टूटे पड़े थे। दुकान में रखी अलमारी भी गायब थी।
दुकानदार ने आसपास तलाश की तो दुकान से कुछ दूरी पर खेत में अलमारी टूटी हुई पड़ी मिली। पीड़ित के अनुसार अलमारी में करीब एक किलो चांदी के नए पुराने आभूषण और 30 हजार रुपए नगदी रखी थी। इसके अलावा ग्राहकों को दिए गए आभूषणों और लेनदेन का हिसाब-किताब रखने वाली खाता-बही, पर्चियां और अन्य जरूरी दस्तावेज भी अलमारी में रखे थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से घटना के खुलासे का प्रयास कर रही है।
बढ़ती चोरी से व्यापारियों में आक्रोश
स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष रंजीत कुमार सोनी उर्फ गुड्डू सोनी ने कहा कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे व्यापारी भयभीत हैं। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्वर्णकार की दुकान में हुई चोरी का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो व्यापारियों के हित में आंदोलन किया जाएगा।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच स्वर्णकार की दुकान में हुई बड़ी चोरी ने स्थानीय पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
