बलिया : महिलाएं निर्भीक होकर बताएं अपनी समस्या, गोपनीय रखी जाएगी पहचान; उत्पीड़न पर होगी त्वरित कार्रवाई
- मिशन शक्ति और नवरात्र को लेकर बांसडीह पुलिस का पैदल मार्च, महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा
- महिलाएं निर्भीक होकर बताएं अपनी समस्या, गोपनीय रखी जाएगी पहचान; उत्पीड़न पर होगी त्वरित कार्रवाई
बांसडीह (बलिया)। मिशन शक्ति अभियान और नवरात्र पर्व के मद्देनजर बांसडीह कोतवाली पुलिस ने रविवार की शाम क्षेत्र में पैदल मार्च कर महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण का संदेश दिया। इस दौरान महिलाओं के साथ बैठक कर उन्हें उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी उपायों के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि वे अपने साथ होने वाले किसी भी अपराध, उत्पीड़न या अन्याय के खिलाफ बिना किसी डर के आवाज उठाएं। शिकायत करने वाली महिलाओं की पहचान गोपनीय रखते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने महिलाओं को बताया कि यदि उनके साथ या उनके आसपास किसी महिला के साथ घरेलू हिंसा, मारपीट अथवा किसी अन्य प्रकार का उत्पीड़न होता है, तो इसकी जानकारी बांसडीह कोतवाली की महिला आरक्षियों को निर्भीक होकर दें। महिलाओं को सामाजिक दबाव या भय के कारण चुप रहने की जरूरत नहीं है। पुलिस उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा प्रदान करने और आवश्यक कार्रवाई करने का प्रयास करेगी।
बैठक को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी बांसडीह पुष्कर मिश्र ने कहा कि कई बार महिलाएं अपने साथ होने वाले अपराधों और अत्याचारों को चुपचाप सहन कर जाती हैं तथा भय या सामाजिक दबाव के कारण अपनी बात सामने नहीं रख पातीं। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने में सक्षम बनाना है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के अपराध या उत्पीड़न की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्रा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें निर्भीक होकर अपनी समस्याएं रखने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं से पुलिस का सहयोग लेने और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल देने की अपील की।
वहीं, कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर विभिन्न जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देना, उनमें सुरक्षा का विश्वास पैदा करना और अपराधों के प्रति जागरूक करना है। इस मौके पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजय पाल, उपनिरीक्षक सौरभ श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अनूप कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं महिला आरक्षी सहित अन्य मौजूद रहे।

