बलिया : नवरात्र पर बांसडीह में सजेगी डांडिया नाइट की धूम, महिलाओं-बालिकाओं के लिए विशेष आयोजन
- 13 अक्टूबर को बांसडीह महाविद्यालय परिसर में होगा कार्यक्रम, निःशुल्क पास के साथ मिलेगी वाहन सुविधा
बांसडीह (बलिया)। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं में आपसी समन्वय, सहयोग एवं सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह की ओर से 13 अक्टूबर को डांडिया नाइट का आयोजन किया जाएगा। बांसडीह महाविद्यालय परिसर में शाम पांच बजे से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में भक्ति, संगीत और पारंपरिक डांडिया नृत्य का संगम देखने को मिलेगा।
विधायक केतकी सिंह ने बताया कि नवरात्र केवल मां दुर्गा की आराधना का पर्व नहीं, बल्कि नारी शक्ति, आस्था और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं और बालिकाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को करीब से जानने तथा आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्हें सकारात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
मां भगवती की आरती और भजन होंगे आकर्षण
कार्यक्रम के दौरान वाराणसी के प्रसिद्ध धर्माचार्यों द्वारा मां भगवती की आरती, भजन तथा पारंपरिक डांडिया नृत्य का आयोजन किया जाएगा। नवरात्र के भक्तिमय माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं में उत्साह की उम्मीद है।
महिलाओं के लिए निःशुल्क पास और वाहन की व्यवस्था
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क पास के माध्यम से होगा। इसमें केवल महिलाओं और बालिकाओं को प्रवेश दिया जाएगा। बांसडीह क्षेत्र की महिलाओं की सुविधा के लिए निःशुल्क वाहन की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि वे आसानी से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकें। नवरात्र के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था के साथ महिला सहभागिता, सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।
