बलिया : बांसडीह में डांडिया नाइट कल, ऐसे मिलेगी निःशुल्क एंट्री - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह में डांडिया नाइट कल, ऐसे मिलेगी निःशुल्क एंट्री

     


    • 18 वर्ष से अधिक उम्र की बालिका एवं महिलाएं ही हो सकेंगी शामिल, 
    • दूसरे विधानसभा क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं के लिए पास अनिवार्य; 
    • वीडियो और रील्स बनाने वालों को मिलेगी आधे घंटे की अनुमति

    बांसडीह (बलिया)। स्थानीय विधायक केतकी सिंह की ओर से बांसडीह-बलिया मार्ग स्थित मातृ शक्ति महाविद्यालय में मंगलवार, 13 अक्टूबर को डांडिया नाइट का आयोजन प्रस्तावित है। नवरात्र के अवसर पर आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम को लेकर महिलाओं और युवतियों में खासा उत्साह है। कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटने की संभावना के बीच आयोजक मंडल ने प्रवेश और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े नियम स्पष्ट किए हैं।

    कार्यक्रम को लेकर इन दिनों महिलाओं के बीच पास की चर्चा तेज है। कई महिलाएं एक-दूसरे से पास मिलने की जानकारी ले रही हैं। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में पास वितरित किए जा चुके हैं, जबकि शेष पास भी बांटे जा रहे हैं। इस बीच आयोजक मंडल की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बांसडीह विधानसभा क्षेत्र की पात्र महिलाओं को पास के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं है। वे अपने साथ आधार कार्ड लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें, उन्हें निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा।

    हालांकि, आयोजक मंडल ने प्रवेश के लिए आयु सीमा भी निर्धारित की है। उसके अनुसार, कार्यक्रम में केवल 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाएं और बालिकाएं ही शामिल हो सकेंगी। सुरक्षा एवं व्यवस्थागत कारणों से पुरुषों के प्रवेश पर रोक रहेगी। दूसरे विधानसभा क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए पास अनिवार्य रहेगा। ऐसे में बाहर से आने वाली इच्छुक महिलाओं को कार्यक्रम में पहुंचने से पहले पास की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।

    वहीं, यूट्यूब वीडियो, रील्स और अन्य म्यूजिक वीडियो बनाने वाले लोगों को केवल आधे घंटे के लिए प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। आयोजक मंडल का कहना है कि कार्यक्रम में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ये नियम तय किए गए हैं।

    आयोजकों ने कार्यक्रम में शामिल होने वाली महिलाओं से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। डांडिया नाइट को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।