बलिया : बांसडीह में बाल श्रम के खिलाफ छापेमारी, पांच दुकानों पर मिले सात बच्चे,दुकानदारों को नोटिस जारी, चेयरमैन ने बच्चों की मजबूरी का उठाया मुद्दा - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह में बाल श्रम के खिलाफ छापेमारी, पांच दुकानों पर मिले सात बच्चे,दुकानदारों को नोटिस जारी, चेयरमैन ने बच्चों की मजबूरी का उठाया मुद्दा

     


    बांसडीह (बलिया)। बांसडीह बाजार में शनिवार को बाल श्रम के खिलाफ प्रशासन की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पांच दुकानों पर सात बच्चे काम करते हुए मिले। टीम ने संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अभियान के दौरान बाजार में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

    श्रम प्रवर्तन अधिकारी सहाराम के नेतृत्व में सीडब्ल्यूसी, एएचटी थाना बलिया और नव भारतीय नारी विकास समिति बलिया की संयुक्त टीम ने बांसडीह कस्बे में छापेमारी की। जांच के दौरान मिठाई की तीन दुकानों, एक कपड़े की दुकान और एक ऑटोमोबाइल की दुकान पर कुल सात बच्चे काम करते मिले। इसके बाद टीम ने संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किया।

    श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि सभी संबंधित दुकानदारों को नोटिस दिया गया है। उनके जवाब दाखिल करने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    इधर, अभियान की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दुकानदारों का पक्ष रखते हुए अधिकारियों के समक्ष सवाल उठाया कि यदि कोई बच्चा घर की मजबूरी के चलते काम कर रहा है, तो इसमें गलत क्या है? इस पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने कहा कि वह भी जमीनी हकीकत से परिचित हैं, लेकिन नियम-कानून का पालन कराना उनकी जिम्मेदारी है।

    इस मुद्दे पर अधिकारियों और चेयरमैन के बीच देर तक बातचीत होती रही। इसके बाद संयुक्त टीम जांच अभियान समाप्त कर वापस लौट गई।