बलिया : छठ महापर्व की तैयारियां अंतिम चरण में, बांसडीह नगर पंचायत में 90 फीसदी काम पूरा - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया : छठ महापर्व की तैयारियां अंतिम चरण में, बांसडीह नगर पंचायत में 90 फीसदी काम पूरा

     



    तालाबों और पोखरों पर साफ-सफाई के साथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त,

    छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन मुस्तैद

    बांसडीह (बलिया)। आगामी छठ महापर्व को लेकर नगर पंचायत बांसडीह प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर क्षेत्र के विभिन्न तालाबों, पोखरों और छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था,चुना की छिड़काव सहित अन्य जरूरी सुविधाओं का निरीक्षण और व्यवस्था का करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष कार्यों को समय से पूरा करने के लिए कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।


    इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह 'बब्लू' के प्रतिनिधि पंकज सिंह ने बताया कि नगर क्षेत्र के शिवरात्रि पोखरा, फतेहसागर पोखरा, बाबा भूतनाथेश्वर मंदिर का पोखरा, दुर्गा मंदिर, बड़ी बाजार स्थित शिव मंदिर, कचहरी के दुर्गा मंदिर तथा वार्ड नंबर 15 के पोखरा सहित अन्य स्थानों पर साफ-सफाई का कार्य पूरा करा लिया गया है। छठ व्रतियों की सुविधा के लिए घाटों पर बेदी निर्माण हेतु मिट्टी भी गिराई जा रही है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।


    उन्होंने बताया कि छठ महापर्व को देखते हुए नगर पंचायत के कर्मचारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह 'बब्लू' के अस्वस्थ होने के कारण वह फिलहाल लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में उपचार कराने के बाद घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। पंकज सिंह ने बताया कि अध्यक्ष जल्द ही छठ पर्व से पूर्व क्षेत्र में पहुंचकर लोगों के बीच उपलब्ध रहेंगे। फिलहाल उनकी अनुपस्थिति में नगर पंचायत के सभी कार्यों की देखरेख उनके द्वारा की जा रही है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि छठ घाटों या नगर क्षेत्र में कहीं भी साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था अथवा अन्य किसी प्रकार की अव्यवस्था दिखाई दे तो तत्काल उन्हें अवगत कराएं। नगर पंचायत प्रशासन का प्रयास है कि छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संपन्न हों।