बलिया : केवरा सब्जी बाजार में जाम के बाद प्रशासन सख्त, व्यापारियों को सड़क खाली रखने का निर्देश
छठ पर्व को देखते हुए व्यापारियों ने मांगी दो दिन की मोहलत,
सुबह बाजार में तैनात रहेंगे दो पुलिसकर्मी
बांसडीह (बलिया)। केवरा सब्जी बाजार में बुधवार को लगे भीषण जाम के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए प्रभारी निरीक्षक बांसडीह राकेश कुमार सिंह को आवश्यक निर्देश दिए। इसी क्रम में गुरुवार को कोतवाली बांसडीह में पुलिस प्रशासन और व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने व्यापारियों को सड़क और पटरी से हटकर दुकान लगाने तथा निर्धारित स्थान पर ही व्यवसाय करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो और जाम की समस्या से निजात मिल सके। वहीं, व्यापारियों ने आगामी छठ पर्व को देखते हुए दो दिनों की मोहलत मांगी। इस पर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में सड़क और पटरी पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि केवरा बाजार में किसी भी कीमत पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुबह के समय व्यापारियों और आमजन को राहत दिलाने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए दो पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी।
