बलिया : पांच लाइनमैन में मात्र दो के भरोसे चल रही बांसडीह की बिजली व्यवस्था
बांसडीह, बलिया । क्षेत्र में इन दिनों बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पिछले एक सप्ताह से नगर क्षेत्र में दिन और रात लगातार बिजली कटौती हो रही है, वहीं लो वोल्टेज की समस्या ने उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ा दी है। उमस भरी गर्मी में लोग बिजली संकट से बेहाल हैं।
यह भी पढ़े- बलिया : साइबर ठगों ने खाते से उड़ाए 30 हजार रुपये, पीड़ित ने पुलिस से लगाई गुहार
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि शाम होते ही “बिजली रानी” की धमाचौकड़ी शुरू हो जाती है। फेस उड़ना, लो वोल्टेज, डंपर उड़ना और छोटी-छोटी तकनीकी खराबियों से उपभोक्ताओं को रोज जूझना पड़ रहा है। बिजली विभाग समय से फाल्ट ठीक नहीं कर पा रहा है, जिससे घंटों आपूर्ति बाधित रहती है।
नगर पंचायत बांसडीह में मुख्य रूप से दीपक मिश्र, अनिल पाण्डेय, संजय चौहान, स्वामीनाथ प्रसाद और तेजनारायण की तैनाती है। बावजूद इसके पूरे नगर की व्यवस्था मात्र दो लाइनमैन के भरोसे चल रही है। विभागीय सूत्रों के अनुसार तीन कर्मियों को राजस्व वसूली सहित अन्य कार्यों में लगाया गया है, जबकि केवल दो कर्मचारी खंभों पर चढ़कर पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था संभाल रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कर्मियों की ड्यूटी भले ही 8 से 10 घंटे की हो, लेकिन कर्मचारियों की कमी के कारण यही लाइनमैन दिन-रात आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहते हैं। इतने बड़े नगर पंचायत क्षेत्र की व्यवस्था इतने कम कर्मचारियों के भरोसे संभालना मुश्किल साबित हो रहा है।
इस संबंध में जेई सूर्यप्रकाश ने बताया कि टाउन फीडर वर्तमान में मात्र पांच कर्मियों के भरोसे संचालित हो रहा है। इनमें से केवल दो ही कर्मचारी खंभे पर चढ़कर मरम्मत कार्य कर सकते हैं, जबकि दो कर्मी राजस्व वसूली में लगाए गए हैं और एक कर्मचारी अन्य तकनीकी सहयोग में रहता है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े नगर पंचायत क्षेत्र की व्यवस्था इतने कम कर्मचारियों से संभालना संभव नहीं है।
जेई ने बताया कि अतिरिक्त लाइनमैन की तैनाती के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से कब तक कार्रवाई होती है यह आने वाला समय बताएगा। फिलहाल बिजली संकट से परेशान उपभोक्ता खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं और विभाग से तत्काल अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।
जल्द होगी अतिरिक्त लाइनमैनों की तैनाती : अधीक्षण अभियंता
इस संबंध में अधीक्षण अभियंता शैलेश कुमार शर्मा ने बताया कि विभाग में कर्मियों की रिक्तियों को देखते हुए अन्य लाइनमैनों की तैनाती के लिए प्रयास किया जा रहा है। उपभोक्ताओं के हित में जल्द ही टाउन फीडर पर अतिरिक्त लाइनमैनों को तैनात किया जाएगा। क्षेत्र में लापरवाह और अक्षम कर्मियों की तैनाती पर बताया कि विभागीय निर्देश के अनुसार क्षेत्र में अक्षम कर्मियों को हटाने का आदेश भी प्राप्त हो गया है। जल्द ही ऐसे कर्मियों को हटाकर नए कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, ताकि क्षेत्र में निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
