बलिया : राशन वितरण में अनियमितता पर कोटेदार निलंबित, जांच में सामने आईं कई गड़बड़ियां - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया : राशन वितरण में अनियमितता पर कोटेदार निलंबित, जांच में सामने आईं कई गड़बड़ियां

     


    • सहतवार नगर पंचायत के वार्ड नंबर-5 की कोटेदार गीता देवी पर कार्रवाई
    • जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद जिला पूर्ति अधिकारी ने जारी किया आदेश
    • नगर पंचायत के दो सभासदो और कार्डधारकों की शिकायत पर हुई कार्यवाही

    बलिया। राशन वितरण में अनियमितता और कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न नहीं देने की शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद सहतवार नगर पंचायत के वार्ड नंबर-5 की उचित दर विक्रेता गीता देवी की सरकारी राशन की दुकान निलंबित कर दी गई है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद जिला पूर्ति अधिकारी बलिया ने निलंबन का आदेश जारी करते हुए संबंधित दुकान से जुड़े कार्डधारकों को दूसरी उचित दर दुकान से संबद्ध करने के निर्देश दिए हैं।

    मामले की शिकायत सहतवार वार्ड नंबर-5 के सभासद रंजीत कुमार वर्मा तथा वार्ड नंबर-11 की सभासद कविता वर्मा ने 4 जून 2026 को की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कोटेदार गीता देवी द्वारा कई महीनों से लोगों को राशन नहीं दिया जा रहा है। ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद भी यह कहकर राशन देने से मना किया जाता है कि अभी खाद्यान्न नहीं आया है। शिकायतकर्ताओं ने दुकान पर मनमानी और राशन की कालाबाजारी के आरोप भी लगाए थे।

    शिकायत के आधार पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी बांसडीह द्वारा 12 जून 2026 को दुकान का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि वितरण दिवस पर दुकान बिना सूचना के बंद थी। दुकान पर आवश्यक सूचनाओं वाले साइन बोर्ड, रेट/स्टॉक बोर्ड, सतर्कता समिति के सदस्यों के नाम, अंत्योदय राशनकार्डों की सूची तथा टोल-फ्री नंबर का प्रदर्शन नहीं पाया गया। जांच में स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर प्रस्तुत नहीं करने तथा जांच में सहयोग नहीं करने की बात भी सामने आई। इसके अलावा कार्डधारकों को नियमित रूप से खाद्यान्न नहीं दिए जाने और ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन नहीं देने की शिकायतें भी जांच में दर्ज की गईं।

    कार्डधारकों ने बताई राशन न मिलने की पूरी कहानी

    जांच के दौरान बड़ी संख्या में कार्डधारकों के बयान दर्ज किए गए। कार्डधारकों ने आरोप लगाया कि कोटेदार द्वारा कई बार अंगूठा लगवा लिया जाता है और बाद में कहा जाता है कि खाद्यान्न नहीं आया है। राशन मांगने पर दुकान के प्रतिनिधि द्वारा कथित तौर पर अभद्रता किए जाने की बात भी सामने आई।

    जांच रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि कुछ कार्डधारकों को एक यूनिट कम खाद्यान्न दिए जाने की शिकायत थी। कई कार्डधारकों ने दुकान समय से नहीं खुलने की बात भी कही।

    बार-बार मौका देने के बाद भी नहीं दिया स्पष्टीकरण

    जिला पूर्ति अधिकारी की जांच में अनियमितताएं पाए जाने के बाद विक्रेता गीता देवी को 23 जून 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। इसके बाद भी निर्धारित समय में आवश्यक अभिलेख और स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया।

    विभाग द्वारा दोबारा अवसर दिए जाने के बावजूद विक्रेता ने अपेक्षित अभिलेख एवं स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया। जांच अधिकारी ने इसे विभागीय जांच में सहयोग न करने और अपने ऊपर लगे आरोपों के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं देने के रूप में माना।

    डीएम की अनुमति के बाद निलंबन की कार्रवाई

    जांच में अनियमितताएं प्रमाणित पाए जाने के बाद जिलाधिकारी बलिया के अनुमोदन से 6 अगस्त 2026 को गीता देवी की उचित दर दुकान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जिला पूर्ति अधिकारी ने निलंबित दुकान से संबद्ध कार्डधारकों को उचित दर विक्रेता मधु सिंह की दुकान से संबद्ध करने का निर्देश दिया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि निलंबित दुकान से जुड़े कार्डधारकों को निर्धारित योजनाओं के तहत खाद्यान्न/चीनी का नियमित वितरण सुनिश्चित कराया जाए। विक्रेता से ई-पॉस मशीन, ई-वेइंग मशीन और वितरण संबंधी उपकरण भी नियमानुसार हस्तांतरित कराने के निर्देश दिए गए हैं। 

    राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत पर हुई इस कार्रवाई से विभाग ने साफ संदेश दिया है कि पात्र कार्डधारकों के खाद्यान्न में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    अनियमितता मिलने पर होगी कड़ी कार्यवाही

    तहसील बांसडीह के क्षेत्रीय खाद्य आपूर्ति अधिकारी राजेश मिश्रा ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप पात्र कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या धांधली की शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कोटेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कार्डधारकों से भी अपील की कि राशन वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता होने पर इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से करें, ताकि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।